दो दोस्तों से डकैती के मामले में NBW की तैयारी

Contributed byRishi.Sengar|नवभारतटाइम्स.कॉम
robbery of two friends crpf sub inspector dismissed nbw preparation for absconding accused
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : चिनहट थानाक्षेत्र में रुपये दोगुना करने का झांसा देकर दो दोस्तों का अपहरण कर पांच लाख रुपये की डकैती डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। वारदात में नामजद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दरोगा जयप्रकाश यादव को विभागीय जांच के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सीआरपीएफ मुख्यालय ने इसकी सूचना चिनहट पुलिस को भेज दी है। वहीं, फरार चल रहे अन्य आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने गैर-जमानती वॉरंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभाकर सिंह ने 11 जून को चिनहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई दिवाकर सिंह और उनके मित्र अनूप शुक्ला की पहचान सीआरपीएफ दरोगा जयप्रकाश यादव से थी। जयप्रकाश ने एक कंपनी में निवेश करने पर रुपये दोगुना होने का झांसा देकर दोनों को बड़ी रकम लेकर चिनहट के एक होटल के पास बुलाया।
आरोप है कि वहां जयप्रकाश यादव अपने साथियों के साथ सरकारी नंबर प्लेट लगी बोलेरो और एक बिना नंबर प्लेट की कार से पहुंचा। पुलिसिया रौब दिखाते हुए दोनों दोस्तों को जबरन गाड़ियों में बैठाकर उनका अपहरण कर लिया गया। बाद में असलहे के बल पर उनसे पांच लाख रुपये नकद लूट लिए गए और रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।घटना की जांच के दौरान चिनहट पुलिस और सर्विलांस टीम ने हरदाशी खेड़ा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर जावेद हुसैन, आसिफ, प्रवेश त्रिपाठी और कमता पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही पूरन सिंह को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से डकैती के 1.25 लाख रुपये, वारदात में प्रयुक्त बोलेरो और कार बरामद की गई थी। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि विभागीय जांच में जयप्रकाश यादव की संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद उसे पहले निलंबित किया गया और बाद में सीआरपीएफ ने सेवा से बर्खास्त कर दिया। इस मामले में फरार कमता चौकी इंचार्ज मोहित, बर्खास्त दरोगा जयप्रकाश यादव, सीआरपीएफ के एक पूर्व बर्खास्त सिपाही समेत अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। चौकी इंचार्ज मोहित की अग्रिम जमानत अर्जी पर 13 जुलाई को सुनवाई होनी है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपितों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी कराने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।