No Respite For Traffic Rule Violators In Lucknow E challans To Be Issued Instantly With Upgraded Cctv
अपग्रेड हुए शहर के सीसीटीवी नियम तोड़ा तो तुरंत ई-चालान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय से संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) की कमान जल्द ही लखनऊ पुलिस के हाथों में होगी। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वर्ष 2019 में इस सिस्टम की स्थापना की गई थी। इसका आधिकारिक संचालन जुलाई 2021 से स्मार्ट सिटी योजना के तहत किया जा रहा था। हालांकि, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के ऑनलाइन ई-चालान अब तक पुलिस विभाग की अनुमति से ही जारी किए जाते रहे हैं।स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारियों के अनुसार, आईटीएमएस के सॉफ्टवेयर और कार्यप्रणाली का अपग्रेडेशन पूरा हो चुका है। तकनीकी व्यवस्था संभालने वाली एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि अपग्रेडेशन के बाद ऑनलाइन ई-चालान की प्रक्रिया पहले से तेज और प्रभावी हो गई है। इसके साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव की व्यवस्था भी पहले से बेहतर की गई है।
स्मार्ट सिटी के जीएम एससी सिंह ने बताया कि आईटीएमएस के अपग्रेडेशन के साथ ही शहर के सीसीटीवी कैमरों भी अपग्रेड कर दिए गए हैं। जल्द इसके संचालन की जिम्मेदारी लखनऊ पुलिस को सौंपी जाएगी।