Ordinary Letters Will Also Tell Their Journey New Digital Tracking System Of The Postal Department
पाती जहां-जहां जाएगी, अपना सफर बताएगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ : अब आपकी साधारण चिट्ठी भी स्पीड पोस्ट की तरह अपना सफर बयां करेगी। डाक विभाग ने अडवांस्ड पोस्टल टेक्नॉलजी (APT 2.0) लागू कर साधारण डाक को भी डिजिटल ट्रैकिंग के दायरे में ला दिया है मतलब आपकी पाती अब यह बताएगी कि वह कहां पहुंची, किस डाकघर से गुजरी और कब गंतव्य के लिए निकली। देश में हर साल करीब 90 करोड़ साधारण डाक (चिट्ठियां, अखबार, पत्रिकाएं और सरकारी सूचनाएं) भेजी जाती हैं। अब तक इनका कोई डिजिटल रेकॉर्ड नहीं होता था और इनकी संख्या का अनुमान साल में दो बार होने वाली मैनुअल गणना से लगाया जाता था। नई व्यवस्था में इस पूरी प्रक्रिया को बदल देगी।
हर डाक पर लगेगा बारकोड: नई प्रणाली के तहत हर साधारण डाक पर बारकोड लगाया जाएगा। जैसे ही डाक संबंधित डिलिवरी पोस्ट ऑफिस पहुंचेगी। पोस्टमैन ' डाक सेवा ऐप ' के जरिए उसे स्कैन कर वितरण का विवरण दर्ज करेंगे। इससे डाक की आवाजाही का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और विभाग को हर चरण की सटीक जानकारी मिल सकेगी। डाक विभाग बड़े पैमाने पर डाक भेजने वाले बल्क मेलर्स को भी इस व्यवस्था से जोड़ रहा है। उन्हें बारकोड सीधे लिफाफों पर प्रिंट करने और बुकिंग का डेटा एक्सेल फॉर्मेट में उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि APT 2.0 से डाक सेवा में पारदर्शिता, जवाबदेही और रफ्तार बढ़ेगी। सबसे बड़ा फायदा आम लोगों को होगा, क्योंकि अब उनकी साधारण पाती भी रास्ते में "गुम" नहीं होगी, बल्कि हर पड़ाव की डिजिटल पहचान के साथ मंजिल तक पहुंचेगी।