13 Months Without Salary Outsourced Employees Protest In Noida
आउटसोर्स कर्मियों को 13 माह से वेतन नहीं
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा : गौतमबुद्ध नगर के सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज और गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारियों ने 13 माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि दोनों विद्यालय नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से वित्तपोषित हैं, इसके बावजूद लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इससे उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे पहले भी दो बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन न तो कोई ठोस जांच हुई और न ही बकाया वेतन जारी किया गया। उनका आरोप है कि अधिकारी यह कहकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं कि प्राधिकरण स्तर पर कोई भुगतान लंबित नहीं है। कर्मचारियों ने भुगतान संबंधी अभिलेखों और बैंक खातों का स्वतंत्र सत्यापन कराने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई, इलाज और घरेलू खर्च प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने 13 माह का लंबित वेतन तत्काल जारी करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।