क्लियो काउंटी में AOA गठन को लेकर विवाद

नवभारतटाइम्स.कॉम
deepening dispute among residents over aoa formation in cleo county
n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसायटी में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के गठन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोसायटी के कई निवासियों ने मौजूदा डिवेलपर प्रबंधन और मेंटिनेंस व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए AOA गठन की जरूरत पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पिछले करीब नौ वर्षों से सुरक्षा, स्वच्छता, हाउसकीपिंग, लैंडस्केपिंग समेत सभी सुविधाएं संतोषजनक ढंग से संचालित हो रही हैं, इसलिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता नहीं है।

निवासियों का आरोप है कि 23 जून को जारी नोटिस और 1 जुलाई को भेजे गए एओए एग्रीमेंट से पहले उनकी सहमति नहीं ली गई। उनका कहना है कि बैठक की कार्रवाई में सभी निवासियों की सहमति दर्शाई गई, जबकि बैठक में सीमित संख्या में लोग मौजूद थे और कई ने एओए गठन का विरोध भी किया था। आपत्ति जताने वालों ने मांग की है कि जिन फ्लैट मालिकों ने सहमति नहीं दी, उनके नाम प्रस्तावित सदस्य सूची से हटाए जाएं। कुछ निवासियों ने डिवेलपर समूह के निदेशकों अमित मोदी और अवनीश अग्रवाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समय-समय पर समस्याओं का समाधान किया है। हालांकि, सोसायटी में एओए गठन को लेकर मतभेद बने हुए हैं और अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है।