रोजा याकूबपुर, सैनी गांव के आबादी के प्लॉट होंगे शिफ्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम
roza yakubpur and saini village population plots will be shifted farmers will get possession soon
n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा : आबादी के प्लॉट शिफ्टिंग की मांग कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी रोजा याकूबपुर और सैनी गांव के 233 प्लाट को शिफ्ट करने की तैयारी तेज कर दी है। एक महीने के भीतर शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी करके किसानों को प्लॉट हैंडओवर कर दिए जाएंगे। इस काम के लिए दो एसीईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ताकि इसे समय पर पूरा किया जा सके।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने रोजा याकूबपुर 177 और सैनी गांव के 76 किसानों को आबादी के प्लॉट आवंटित किए थे। जहां पर यह प्लाट आवंटित किए गए थे वहां पर जमीन के मसले सामने आ गए थे। इसके चलते किसानों को कब्जा नहीं मिल पाया था। किसान कई वर्षों से अपने प्लाट को शिफ्ट करने के लिए अथॉरिटी के चक्कर काट रहे थे, लेकिन इसका समाधान नहीं निकल पाया। अब अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार ने खुद इस मामले की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। रोजा याकूबपुर और सैनी गांव के किसानों को आबादी के प्लॉट एक महीने में देने की तैयारी कर ली है। इसके लिए एसीईओ प्रेरणा सिंह और सुमित यादव को जिम्मेदारी दी है। एक टीम को किसानों की पात्रता की जांच की जिम्मेदारी दी है। प्रॉजेक्ट डिपार्टमेंट में जगह चिन्हित करके प्लानिंग डिपार्टमेंट को दे दी है। प्लानिंग डिपार्टमेंट प्लॉट की लोकेशन तय करके जल्द ही अपनी रिपोर्ट देंगे। सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि हर अधिकारी के काम की डेड लाइन तय की गई है। उसी आधार पर काम पूरा किया जाना है। उम्मीद जताई है कि बहुत जल्द किसानों को प्लॉट दे दिए जाएंगे।