सवारियों से भरी बस पेड़ से टकराई, पूर्व सैनिक की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
rewari bus full of passengers hits tree ex serviceman dies 12 injured
n NBT न्यूज, रेवाड़ी

कोसली जा रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस बुधवार को कोसली-टूमना रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई, वहीं 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर बुधवार को रेवाड़ी से कोसली के लिए रवाना हुई थी। बस जब कोसली-टूमना रोड से गुजर रही थी तभी अचानक एक गड्ढे को लेकर चालक बस पर संतुलन खो बैठा और बस सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीटों में फंस गए। आसपास के लोग मदद को दौडे़। सभी घायलों को बस से निकालकर निजी वाहनों व ऐम्बूलेंस की मदद से कोसली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां रेवाड़ी के गांव बालधन निवासी पूर्व सैनिक 87 वर्षीय दीपचन्द ने दम तोड़ दिया। अन्य घायल यात्रियों का उपचार चल रहा है। इनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में शिवम, प्रहलाद, दीपक, अनुष्का, सांवत, बस्तीराम, धर्मपाल, बीरमति, कोमल, मनीषा, राजाराम आदि शामिल हैं। डीएसपी विद्यानंद ने कहा कि चालक की लापरवाही से हादसा होने की बात सामने आई है।