डेटिंग के बाद शादी का वादा, युवती से डेढ़ करोड़ का फ्रॉड

नवभारतटाइम्स.कॉम
dating app friendship rs 15 crore fraud with girl on pretext of marriage
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन की रहने वाली युवती से डेटिंग ऐप के जरिये दोस्ती की गई। फिर शादी का झांसा देकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने मामला सामने आया है। पीड़िता ने प्रिंस चौधरी, उसके पिता प्रीतम सिंह, मां अनिता चौधरी, भाई दक्ष चौधरी और उसके साथी सुरेश खन्नावालिया के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शिकायत में युवती ने बताया कि जून 2024 में उनकी पहचान डेटिंग ऐप के माध्यम से गुड़गांव के सेक्टर-67 स्थित अंसल एसेंसिया निवासी प्रिंस चौधरी से हुई थी। उसने खुद को आर्थिक रूप से संपन्न और सफल कारोबारी बताते हुए दोस्ती की और फिर कुछ दिन बाद शादी करने की इच्छा जताई। उसने साझेदारी में कारोबार शुरू करने का प्रस्ताव रखा।
व्यापार के नाम पर ली रकम : युवती ने कहा कि आरोपी ने पहले मशरूम की खेती शुरू कराने का झांसा दिया। किराया और सिक्यॉरिटी जमा करने के नाम पर रकम ली। इसके बाद केसर की खेती और व्यापार में निवेश कराने लगा। इंफ्रास्ट्रक्चर, मशीनरी, नवीनीकरण, स्टॉक खरीद और अन्य खर्चों के नाम पर कई बार रकम ली। आरोप है कि प्रिंस चौधरी ने गुड़गांव स्थित एक मकान का फर्जी किरायानामा तैयार कर उसे वास्तविक दस्तावेज बताया और सिक्यॉरिटी और किराये के रूप में डेढ़ लाख रुपये दिलवाए।

बैंक से लोन भी लिया : युवती ने कहा कि बैंक और फाइनैंस कंपनियों से काफी लोन ले लिया। हाल ही में उन पर करीब 97 लाख 57 हजार रुपये का लोन और 18 लाख रुपये से अधिक का क्रेडिट कार्ड बकाया है। आरोपी ने उनके करीब 700 ग्राम सोने की जूलरी भी रख ली। इसके अलावा एयरबीएनबी कारोबार के नाम पर उन्हें दुबई ले जाकर वहां ग्राहकों से करीब 4 लाख दिरहम (इंडियन करेंसी के मुताबिक करीब एक करोड़ रुपये) भी अपने पास रख लिए। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में टीम जांच में जुटी है। साक्ष्य जुटाकर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।