Dengue Threat Increases Due To Basement Waterlogging In Greater Noida West Dirt And Mosquito Infestation In Societies
बेसमेंट में जलभराव व गंदगी से डेंगू का खतरा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
बारिश के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सोसायटियों में खराब ड्रेनेज सिस्टम और बेसमेंट में जमा पानी और गंदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। कई जगहों पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों के लार्वा पनपने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद सोसायटी प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।हाल ही में हुई लगातार तीन दिन की तेज बारिश ने ग्रेनो वेस्ट की कई सोसायटियों में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी थी। बेसमेंट में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई थी। कई जगह पार्किंग में खड़ी गाड़ियां तक पानी में डूब गई थीं। बारिश के बाद अब यही जमा पानी मच्छरों के लिए प्रजनन स्थल बन रहा है। निवासियों का आरोप है कि बेसमेंट ड्रेनेज, पंपिंग सिस्टम और बारिश के पानी की निकासी के इंतजामों की नियमित जांच नहीं होती। इससे समस्या हर साल बारिश के मौसम में सामने आती है। वहीं, पूर्व में जिला भूगर्भ विभाग की जांच में भी कई सोसायटियों में रेन वाॅटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बंद मिले थे। साया जिओन, गौर सिटी के 6 एवेन्यू, गौर सिटी के 7 एवेन्यू और आस्था ग्रीन समेत कई सोसायटियों में व्यवस्थाओं की कमी सामने आई थी। इसके बावजूद सुधार की रफ्तार धीमी बनी हुई है। ग्रेनो प्राधिकरण में स्वास्थ्य विभाग में अधिकारी गौरव बघेल ने बताया कि सेक्टरों में फॉगिंग से जुड़ा शेड्यूल वेबसाइट पर अपलोड है, जिसकी प्रकिया जल्द शुरू कराएंगे। साथ ही जिन सोसायटियों के बेसमेंट में कूड़ा डंप हो रहा है,उस पर एक्शन होगा, जिससे बीमारी न फैले।