डेबिट कार्ड बदल खातों से पैसे निकालने का आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
mastermind arrested for swapping debit cards and committing fraud 50 debit cards recovered
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

एटीएम बूथ में लोगों को बातों में उलझाकर उनके डेबिट कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालने वाले एक शातिर को खोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से अलग-अलग बैंक के 50 डेबिट कार्ड, 9500 रुपये कैश और एक आईफोन बरामद किया है।
प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि 13 जुलाई को एक व्यक्ति ने खोड़ा थाने पर शिकायत दी थी कि कालू सीमेंट के पास एटीएम बूथ से किसी ने उसका डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 26 हजार 150 रुपये निकाल लिए। मामले में केस दर्ज कर टीम जांच में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज व अन्य इनपुट के आधार पर एक शातिर को पुलिस ने ट्रैस कर गिरफ्तार किया। पकड़ा गया शातिर नोएडा छिजारसी सेक्टर-63 की चोटपुर कॉलोनी निवासी आकाश कुमार उर्फ अक्की पंडित है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अलग-अलग एटीएम बूथ के पास खड़ा रहकर एटीएम से रुपये निकालने वाले लोगों को देखता है। महिला, बुजुर्ग या सीधे साधे लोगों को निशाना बनाता है। उनके बूथ में आने पर देखता है कि उनके पास कौन से बैंक का डेबिट कार्ड है। इसके बाद अपने पास से उसी बैंक व रंग का डेबिट कार्ड निकालकर अपने हाथ में रख लेता है। फिर बूथ में जाकर ट्रांजैक्शन न होने की स्थिति में या अन्य बातें करके फंसा लेता है। मदद करने के बहाने उनका पिन नंबर देख लेता और कार्ड बदल लेता है। उनके जाने के बाद दिल्ली क्षेत्र के एटीएम से रकम निकाल लेता है। डीसीपी ने बताया कि इसके खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में 4 केस दर्ज हैं। इसके गिरोह के अन्य शातिरों के बारे में जानकारी की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले दो साल से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रहा है।