Youth Murdered By Friends In An Argument Killed By Stones
कहासुनी में पत्थर मारकर की गई थी युवक की हत्या
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-54
शहर के सेक्टर-54 थाना एरिया में दो दिन पहले अरावली की पहाड़ियों में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुड़गांव घूमने के दौरान किसी बात पर कहासुनी के बाद युवक के तीन दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी राम, विनय और प्रकाश के रूप में हुई है।डीएलएफ फेज फाइव में पुलिस ने खून से लथपथ एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान झारखंड के गांव गुमला निवासी बंदी उरांव के रूप में हुई। वह एक माह पहले गुड़गांव में काम की तलाश में आया था। इस मामले में केस दर्ज होने के बाद थाना पुलिस और सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच की टीमों ने मामले की जांच शुरू की। सेक्टर-53 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा और सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच प्रभारी सब इंस्पेक्टर अंकित की टीम ने इस मामले की जांच की और झारखंड के तीन युवकों को अरेस्ट किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बतजाया कि 13 जुलाई की रात युवक अपने एक साथी के बेटे के बर्थ डे में गया था। उसके साथ तीनों आरोपी भी थे। जब वह लोग बर्थ डे से लौट रहे थे, तो युवक ने उन्हें गुड़गांव घुमाने की बात कही। इस पर सभी गुड़गांव घुमने चले गए। जब वह वजीराबाद के निकट थे, तो उनकी आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद तीनों उसे बहाने से जंगल की ओर से गए। जहां उसके साथ मारपीट की और पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करके शव को झाड़ियों में फेंक दिया। वारदात में प्रयोग की गई कार राम की थी। प्रकाश और विनय ऑटो चालक हैं, जबकि राम टैक्सी चलाता है। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।