खबर छपते ही टीचर के घर के सामने सीवर का काम शुरू किया गया

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एसजीएम नगर में सीवर का मेनचैंबर क्षतिग्रस्त होने से महिला टीचर के घर को हो रहे नुकसान पर नगर निगम ने संज्ञान लिया है। निगम कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से शुक्रवार की सुबह उस चैंबर को ठीक करने का काम शुरू कर दिया। इससे टीचर परिवार ने राहत की सांस ली है।
एनबीटी ने 16 जुलाई के अंक में सीवर लीकेज से परेशान टीचर मेयर के सामने रो पड़ी, घर गिरने का सता रहा डर शीर्षक के तहत खबर प्रकाशित की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए निगम की टीम सुबह के वक्त मौके पर पहुंच गई और चैंबर को ठीक करना शुरू कर दिया। दरअसल लता बिष्ट ने मेयर प्रवीण जोशी को बताया था कि कुछ समय से उनके मकान के सामने सीवरेज लीकेज होने के कारण रास्ते में एक गड्ढा बन गया था। इस बारे में निगम में शिकायत की गई थी, जिसके चलते कर्मचारी स्थिति देखने के बाद चले गए। 11 जुलाई को कर्मचारियों ने मेनचैंबर की मरम्मत की थी, लेकिन उसके बाद उसी स्थान से दोबारा सीवरेज लीकेज शुरू हो गई। इस समय आठ घरों का सीवरेज का पानी लगातार वहीं से निकल कर उनके घर के सामने भरने लगा। सीवरेज के कारण उनके घर की नींव में पानी जा रहा था। अगर समय रहते हुए इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कुछ भी हादसा हो सकता है। मेयर ने लता की समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए चैंबर को ठीक कराने का काम शुरू करा दिया है।