गर्मी में कटौती का करंट, 12 घंटे भी नहीं मिल रही बिजली

नवभारतटाइम्स.कॉम
12
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

शहर में उमसभरी गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कटौती से परेशान लोग समस्या का हल चाह रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोग बिजली निगम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर रहे हैं, पर जवाब देने वाला कोई नहीं। कई इलाकों के लोग सोशल मीडिया एक्स पर भी बिजली कटौती की शिकायत कर सीएम से समाधान की गुहार लगा रहे है। बिजली निगम अधिकारियों के अनुसार निगम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर पिछले कुछ दिनों से रोजाना एक हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा रही हैं।
लोगों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से कटौती की समस्या ओर अधिक बढ़ गई है। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर 91 इस्माइलपुर, सेक्टर 82, सेक्टर 35 अशोका एनक्लेव, डबुआ कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, पाली, गाजीपुर, नंगला एन्क्लेव, एनआईटी-3, एनआईटी-5 सहित कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में रातभर बिजली सप्लाई बंद रहने के कारण लोग गर्मी और उमस से पूरी रात परेशान रहे।

स्थानीय निवासी चंद्रपाल, पूरन सिंह और नयन सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बिजली की अघोषित कटौती लगातार बढ़ रही है। दिन के साथ-साथ रात में भी कई-कई घंटे बिजली नहीं रहने से घरों में लगे पंखे कूलर और एसी बंद हो जाते हैं, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। 24 घंटे में केवल 12-13 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। वाॅर्ड 24 के पूर्व कांग्रेस उम्मीदवार गुरिंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि उनके यहां ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोडिंग की सबसे ज्यादा दिक्कत है। ओवरलोडिंग के कारण कभी ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ने, एसटी लाइन खराब होने, ट्रांसफाॅर्मर केबल जलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।