ग्रेनो में जलभराव रोकने के उपाय बताएगी एजेंसी

Contributed bySunil.Pandey2|नवभारतटाइम्स.कॉम
relief from waterlogging in grano expert agency to provide solutions ai will be used
n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

शहर में जलभराव रोकने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी विशेषज्ञ एजेंसी का सहयोग लेगी। एजेंसी जलभराव वाली जगहों को चिह्नित करके जल निकासी का प्लान भी बताएगी। इस काम में एजेंसी एआई का इस्तेमाल करेगी। एजेंसी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने का काम शुरू कर दिया। ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 30 से अधिक स्थानों पर बारिश में जलभराव हो जाता है।
तिलपता, सूरजपुर, हल्दौनी, कुलेसरा, ईकोटेक-3 समेत 7-8 स्थानों पर सबसे अधिक जलभराव हो जाता है। बीते दिनों हुई बारिश के दौरान इन स्थानों पर सबसे अधिक जलभराव हुआ था। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का प्रयास है कि अगले साल शहर के लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके समाधान के लिए विशेषज्ञ एजेंसी कैनरीज़ ऑटोमेशन्स लिमिटेड का अथॉरिटी ने चयन किया है। एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। एजेंसी ने प्रॉजेक्ट डिपार्टमेंट से जानकारी एकत्र करना शुरू कर दिया। एजेंसी के कर्मचारी मौके पर जाकर जलभराव के कारणों का पता लगाएंगे। समस्या के स्थायी समाधान को लेकर डीपीआर तैयार की जाएगी। एजेंसी का कहना है कि इसका प्लान बनाते समय एआई, सेंसर आदि की मदद ली जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं पर भी पानी जमा न होने पाए। सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि जलभराव की समस्या के समाधान के लिए काम शुरू किया गया है। इस क्षेत्र में काम करने वाली विशेषज्ञ एजेंसी का चयन किया गया है। एजेंसी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं पर भी जलभराव की समस्या न हो।