मोहना रोड पर 10 अवैध निर्माण ढहाए, अब रफ्तार पकड़ेगा एलिवेटेड रोड का काम
मोहना रोड पर 10 अवैध निर्माण ढहाए, अब रफ्तार पकड़ेगा एलिवेटेड रोड का काम
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
मोहना रोड पर लंबे समय से बंद पड़े एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को दोबारा गति देने के लिए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक चले अभियान के दौरान 10 अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया गया।पीडब्ल्यूडी ने कार्रवाई से एक दिन पहले क्षेत्र में मुनादी कराकर दुकानदारों और कब्जाधारकों को अंतिम चेतावनी दी थी। विभाग के अनुसार, जिन लोगों के कब्जे निर्माण कार्य में बाधा बन रहे थे, उन्हें पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे और अतिक्रमण वाले स्थानों को भी चिह्नित कर दिया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने कब्जे नहीं हटाए, जिसके बाद शुक्रवार को नियमानुसार तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट रामप्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान 10 अवैध निर्माण हटाए गए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों को पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में कब्जे नहीं हटाए जाने पर विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी। अब अतिक्रमण हटने के बाद एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा, जिससे परियोजना में तेजी आएगी। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य में बाधा बने सभी अवैध कब्जे हटाए जाने के बाद अब परियोजना को तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।