ट्यूबवेल सील होने से पानी का संकट गहराया

नवभारतटाइम्स.कॉम
ट्यूबवेल सील होने से पानी का संकट गहराया
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

दयालबाग में सरकारी जमीन पर लगे ट्यूबवेलों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई के बाद हजारों परिवारों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। घरेलू जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने को लोग शुक्रवार को नौकरी और अन्य काम-धंधा छोड़कर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कार्यालय पहुंचे, लेकिन मंत्री के जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में होने के कारण लोगों की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इससे लोग मायूस होकर लौट गए और अब पानी के लिए भटक रहे हैं। नगर निगम की टीम ने बुधवार को दयालबाग में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगे तीन ट्यूबवेलों को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जबकि दो अन्य ट्यूबवेलों को सील कर दिया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद था। निगम की इस कार्रवाई के बाद वाॅर्ड नंबर 21, 22 और 23 के हजारों परिवारों के सामने पानी का संकट पैदा हो गया है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोग गुरुवार शाम दयालबाग चौकी पहुंचे और पुलिस को अपनी परेशानी बताई। पुलिस ने उन्हें बताया कि पानी की समस्या का समाधान नगर निगम कार्यालय से होगा। इसके बाद शुक्रवार सुबह सैकड़ों लोग केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कार्यालय पहुंचे, लेकिन मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के कारण वे अपनी समस्या नहीं बता सके।
निगम ने कार्रवाई तो की पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं

दयालबाग निवासी संजय मास्टर, सुभाष नागर और अभय यादव ने आरोप लगाया कि वाॅर्ड नंबर 21, 22 और 23 में करीब 82 सरकारी ट्यूबवेल हैं। इनमें से अधिकांश पर जनप्रतिनिधियों के लोगों का कब्जा है और सरकारी पानी की बिक्री की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पानी के टैंकर भी चल रहे हैं। निगम ने अवैध ट्यूबवेलों के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन इसके साथ ही प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक पानी की व्यवस्था करना भी निगम की जिम्मेदारी है।