nNBT न्यूज, बहराइच : जिले के बौंडी क्षेत्र के टिकुरी गांव में धान की रोपाई के बाद नदी में हाथ धाेने पहुंचे बच्चे को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। पूरी घटना का विडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें मगरमच्छ बच्चे को चबाकर निगलता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार टिकुरी गांव निवासी सुनील सिंह (12) गुरुवार को चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान रोप रहा था। इसी दौरान कुछ दूर स्थित सरयू नदी में हाथ-मुंह धोने चला गया। नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक सुनील का पैर दबोच लिया और पानी में खींच ले गया। चीखपुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़े और लाठी-डंडों के साथ पथराव किया, लेकिन मगरमच्छ ने बच्चे को नहीं छोड़ा। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने देर रात क्षत-विक्षत शव बरामद किया।