60 करोड़ की ठगी करने वाले 49 अारोपी अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम
49 accused arrested in 60 crore scam big action by noida police under operation psi vajra
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

साइबार ठगों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान आठ फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। साथ ही 700 से अधिक लोगों का सत्यापन और पूछताछ की गई। साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोहों पर भी कार्रवाई करते हुए कुल 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में इनका संबंध 60 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से सामने आया है।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस अभियान में डिजिटल और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कई स्थानों पर सत्यापन और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ और बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 67 मोबाइल फोन, 19 लैपटॉप, 76 सिम कार्ड, 81 डेबिट और क्रेडिट कार्ड व पांच लाख रुपये बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने और फर्जी लेनदेन में मदद कर रहे थे। पुलिस ने एक नाइजीरियन नागरिक को भी गिरफ्तार किया है। एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत के आधार पर 1300 मोबाइल नंबर और 2600 बैंक खाते जांच के दायरे में रखे गए थे। इनमें कुछ बैंक खाता धारक फरार हैं, जिनके खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज कराया जा रहा है। ठगों के पास से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्यों का संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कई शिकायतों से जुड़ा मिला है। पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों की फरेंसिक जांच करा रही है, ताकि पूरे साइबर नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन साइ-वज्र का उद्देश्य अवैध कॉल सेंटर, म्यूल बैंक खातों और संदिग्ध बैंक खाताधारकों के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाना है।