Evs Growing Demand To Boost Business Create New Employment Opportunities
‘EV की बढ़ती मांग से कारोबार को मिलेगी तेज़ी’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती मांग आने वाले समय में उद्योगों, MSME के लिए कारोबार और युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके लाएगी। इसी विषय पर शुक्रवार को सेक्टर-90 के एक होटल में ASSOCHAM की ओर से EV एंसिलरीज एंड ऑटो कंपोनेंट्स कॉन्क्लेव किया गया। हरियाणा सरकार के अधिकारियों, ऑटो उद्योग के विशेषज्ञों और उद्यमियों ने EV सेक्टर के भविष्य पर चर्चा की। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के अतिरिक्त विकास आयुक्त (MSME-DFO) संजीव चावला रहे। उन्होंने कहा कि देश में इस समय इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी करीब 8.5% है, इसका 2030 तक 30% होने का अनुमान है। ऐसे में सस्पेंशन सिस्टम, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम , वायर हार्नेस, स्विच और बीएलडीसी मोटर जैसे EV कंपोनेंट बनाने वाली कंपनियों के लिए बाजार तैयार होगा। उद्योगों से नई तकनीक विकसित करने और आईपीआर व पेटेंट के लिए आवेदन की अपील की। कहा कि सरकार इसके लिए अनुदान और प्रोत्साहन योजनाएं भी चला रही है। उद्योग व वाणिज्य विभाग, हरियाणा के समन्वयक एमके सरदाना ने कहा कि ऑटो सेक्टर से जुड़े उद्योगों को समय रहते अपनी उत्पादन क्षमता और तकनीक को ईवी के अनुरूप बदलना होगा। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त निदेशक अजय मोहन गोयल ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है।