15 Lakhs Cheated By Luring Profits In Stock Market Case Registered In Cyber Police Station
शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 15 लाख ठगे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर सैनिक कॉलोनी निवासी मेडिकल स्टोर संचालक से 15.08 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर पोर्टल 1930 पर शिकायत दी, जिसके बाद साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन ट्रेडिंग का विडियो देखने के बाद दिए गए नंबर पर संपर्क किया। ठगों ने वॉट्सऐप के जरिए कथित पीएमएस खाता खुलवाया। पहले 10 हजार रुपये निवेश करने पर उसे 12,168 रुपये वापस मिले, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में उससे 5 लाख रुपये निवेश कराए गए और खाते में करीब 19 लाख रुपये का लाभ दिखाया गया। बाद में आईपीओ अलॉटमेंट और निकासी के नाम पर उससे 10.11 लाख रुपये और जमा करा लिए गए। निकासी के समय ठग नए बहाने बनाते रहे। पीड़ित को केवल 62,168 रुपये वापस मिले, जबकि 15,08,832 रुपये फंस गए। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।