Faridabad Firing At Transporters House Car Set On Fire After Pouring Petrol Fear In The Area
ट्रांसपोर्टर के घर पर फायरिंग, पेट्रोल डाल कार में लगाई आग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव में गुरुवार देर रात एक ट्रांसपोर्टर के घर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने घर के बरामदे में खड़ी गाड़ियों के पास प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर फेंका, जिससे कार में आग लग गई। पीड़ित परिवार ने जब शोर मचाया ताे बाइक सवार बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर के परिवार पर निशाना साधते हुए दो से तीन राउंड फायरिंग भी की। गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। सूचना पर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती बदमाश फरार हो गए। सूरजकुंड थाना पुलिस ने पीड़ित केस दर्ज कर लिया है। पहले पंचायत में समझौता, फिर हमला: मिल्कोनिया मोहल्ला निवासी आकाश खटाना के पिता का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वह भी पिता के काम में हाथ बंटाते हैं। सूरजकुंड पुलिस को दी शिकायत में कहा कि करीब एक माह पहले उनका रॉबिन नामक व्यक्ति से विवाद हो गया था। उस समय रॉबिन ने पुलिस मे शिकायत दी थी। बाद में गांव के व्यक्तियों की पंचायत में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोपी ने कहा कि वह अपनी पुलिस शिकायत वापस ले लेगा। वह एक हत्या के मुकदमे मे जमानत पर बाहर है। आकाश ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11:30 बजे उन्हें फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दी। उनकी नजर गेट के बाहर आग की लपटों पर पड़ी। बरामदे में खड़ी उनकी ब्रेजा कार के अगले हिस्से में आग लगी हुई थी। उसी समय गली से तेज रफ्तार में एक बाइक निकलने की आवाज भी सुनाई दी।