Thieves Stole Lakhs Worth Of Electrical Wiring And Expensive Equipment From An Under construction House
निर्माणाधीन मकान से वायरिंग तक ले गए चोर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, पीजीआई
पीजीआई थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला और चैन तोड़ दी। इसके बाद मकान में घुसकर पूरे भवन में बिछी बिजली की वायरिंग उखाड़ ले गए। चोरों ने स्टोर रूम का ताला भी तोड़ दिया और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले महंगे उपकरण व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।पीड़ित नीरज पाण्डेय, यूपी सचिवालय प्रशासन में समीक्षा अधिकारी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बी-83, पारिजात एन्क्लेव, वृंदावन सेक्टर-6वी स्थित मकान निर्माणाधीन है। आरोप है कि 14 जुलाई की रात एक बजे चोर मुख्य गेट का ताला और चैन तोड़कर परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने पूरे मकान में बिछाई गई वायरिंग के तार निकाल लिए। इसके बाद स्टोर रूम का ताला तोड़कर वहां रखी ड्रिल मशीन, टाइल कटिंग मशीन, ग्राइंडर, प्लंबिंग का सामान, टेबल फैन, हैलोजन लाइट समेत अन्य उपकरण चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पीजीआई पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।