70 Voter List Updated Absent Shifted And Duplicate Voters Also Being Checked
70% फॉर्म जमा, एब्सेंट, शिफ्ट और डुप्लिकेट वोटर्स की भी हो रही जांच
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची अपडेट कराने की आखिरी तारीख 24 जुलाई है। डीसी उत्तम सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे बिना देरी किए इसे BLO के पास जमा कर दें या ईसीआईनेट के जरिए ऑनलाइन सबमिट कर दें।
डीसी ने बताया कि जिले में 15,55,034 एन्यूमरेशन फॉर्म बांटे गए थे। इनमें से अब तक 10,89,741 फॉर्म (करीब 70%) वापस मिल चुके हैं और उनका डिजिटाइजेशन भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि अभी 5,472 फॉर्म का वेरिफिकेशन बाकी है, जिसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग की टीमें तेजी से काम कर रही हैं। अभियान के दौरान 4,59,821 ऐसे वोटर्स की पहचान भी हुई है, जो एब्सेंट हैं, स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके हैं, या जिनके डुप्लीकेट वोटर रजिस्ट्रेशन मिले हैं। ऐसे सभी मामलों की चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच की जा रही है, ताकि वोटर लिस्ट पूरी तरह अपडेट और त्रुटिरहित बनाई जा सके।अंतिम डेट का न करें इंतज़ार: डीसी ने कहा कि BLO घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि आखिरी समय का इंतजार न करें और 24 जुलाई से पहले अपना गणना फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी तय करें। इससे वोटर लिस्ट अधिक सटीक और भरोसेमंद बनेगी।