Congress Protest In Nuh Sloganeering Against Bjp Government In Protest Against Arrest Of Opposition Leaders And Lathi Charge
विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर नूंह में कांग्रेस का प्रदर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नूंह : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुए छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया। इसी क्रम में नूंह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हाजी शहीदा खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। इसके बाद सभी कार्यकर्ता नूंह स्थित लघु सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम कुंवर आदित्य को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कांग्रेस नेता अख्तर हुसैन काटपुरी, इब्राहिम इंजीनियर, मुबारिक मलिक सहित अन्य नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उनका आरोप था कि विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा लेने की मांग की गई। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।