ब्लड प्रेशर की नकली दवा Telma-AM के नेटवर्क को खंगालने में जुटा एफडीए

नवभारतटाइम्स.कॉम
fake telma am drug network busted fda extends custody of main accused brother also questioned
n NBT न्यूज, गुड़गांव : शहर में हाई ब्लड प्रेशर की दवा Telma-AM की नकली स्ट्रिप की सप्लाई को लेकर हो रही जांच में इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। मुख्य आरोपी सुव्रत द्विवेदी की रिमांड बुधवार को पूरी होने पर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसकी तीन दिन की रिमांड और बढ़ा दी। इस बीच एफडीए ने दिल्ली के ओखला स्थित श्री बाला जी फोरियम के दूसरे मालिक और सुव्रत द्विवेदी के छोटे भाई को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि नकली दवा के निर्माण, पैकेजिंग, बिलिंग और सप्लाई नेटवर्क को लेकर दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां और दस्तावेज हाथ लगे हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाने के लिए सुव्रत की अदालत से रिमांड बढ़ाने का अनुरोध किया गया, जिसे मंजूर कर लिया गया।

कहां-कहां हुई सप्लाई, खंगाल रहा विभाग : विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि नकली Telma-AM की कितनी खेप बाजार में पहुंची, किन मेडिकल स्टोरों तक इसकी सप्लाई हुई और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में अभी और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एफडीए का मानना है कि पूछताछ में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। वहीं, मुरादाबाद से पकड़े गए दूसरे आरोपी मोहम्मद जुवेर की रिमांड आज पूरी हो रही है। ऐसे में उसकी भी रिमांड बढ़ाई जा सकती है।