बास्केटबॉल पोल हादसे के विरोध में निकाला कैंडल मार्च

नवभारतटाइम्स.कॉम
basketball pole accident safety questions in antariksh heights protest with candle march
n NBT न्यूज, गुड़गांव

सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में बास्केटबॉल पोल गिरने से युवक के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के विरोध में बुधवार शाम को सोसायटी वासियों ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान स्थानीय पार्षद रवि कुमार, फ्लैट बायर्स असोसिएशन के प्रधान कमांडर योगेश चौहान और बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे। सभी ने घटना पर दुख जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने कहा कि सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन उन पर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते खेल उपकरणों और अन्य सुविधाओं की जांच होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। पार्षद रवि कुमार ने कहा कि बच्चों और सोसायटी के लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में पहले भी लिफ्ट में बच्चा फंसने, इमारत से प्लास्टर गिरने, एसटीपी का पानी खुले में छोड़े जाने और अन्य कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सोसायटी का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की।

लापरवाही का परिणाम है यह हादसा: फ्लैट बायर्स असोसिएशन के प्रधान कमांडर योगेश चौहान ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सोसायटी में खेल उपकरणों, लिफ्ट और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।