Major Action By Forest Department In Gairatpur Bass Encroachment Removed From 2 Acres Of Protected Forest Land
वन विभाग ने गैरतपुर बास में दो एकड़ संरक्षित वन भूमि से अतिक्रमण हटाया
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
जिले के सोहना क्षेत्र स्थित गैरतपुर बास गांव में बुधवार को वन विभाग ने संरक्षित वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग की सोहना टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक अभियान चलाकर लगभग दो एकड़ संरक्षित वन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान वन भूमि पर बने करीब 10 मकानों को हटाया गया और अवैध कब्जे वाली जमीन को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। डीएफओ सुरेंद्र डांगी ने बताया कि गैरतपुर बास गांव में करीब दो एकड़ संरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जा कर 8 से 10 मकान बना लिए गए थे। सोहना वन मंडल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर इन कब्जों को हटाया। उन्होंने कहा कि संरक्षित वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग भविष्य में भी नियमित निगरानी करेगा और जहां भी वन भूमि पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग का कहना है कि संरक्षित वन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त रखना पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने से बचें।