बिना वैध वीजा के 6 साल से रह रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार
बिना वैध वीजा के 6 साल से रह रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने जेपी ग्रीन्स सोसायटी से चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले 6 साल से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था और फर्जी आधार कार्ड व पैन कार्ड के सहारे अपनी पहचान छिपाकर कारोबार कर रहा था।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सांग सिओमाओ निवासी चीन के रूप में हुई है। वह ग्रेटर नोएडा की जेपी ग्रीन्स सोसायटी में रह रहा था। उससे 2020 में समाप्त हो चुका वीजा, मणिपुर के पते पर बना फर्जी आधार और पैन कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए और इनके जरिए उसने कौन-कौन से सरकारी और वित्तीय काम कराए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक साल के वीजा पर भारत आया था। इसी दौरान उसने मणिपुर की एक युवती से शादी कर ली, जिससे उसकी एक बेटी भी है। बाद में उसने यहां एक फर्म बनाकर निर्माण कार्य शुरू किया और हाल के दिनों में एक्सपो मार्ट से जुड़े प्रॉजेक्ट पर भी काम कर रहा था।
बैंक खातों की जांच शुरू: पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल, लैपटॉप, कंपनी के दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। इसके साथ ही अधिकारी यह भी खंगाल रहे हैं कि क्या उसका कोई संपर्क उन चीनी नागरिकों से था, जिन्हें पूर्व में एसटीएफ ने हवाला कारोबार और अवैध वित्तीय गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया था। बीटा-2 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है और चीन के दूतावास को भी सूचना भेज दी गई है।