गैस कटर से शटर का ताला काटकर 31,800 रुपये चोरी

नवभारतटाइम्स.कॉम
bank bc point shutter cut with gas cutter rs 31800 stolen police investigating
nNBT न्यूज, बल्लभगढ़

बल्लभगढ़ शहर के मोहना रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बीसी पॉइंट को चोरों ने निशाना बनाते हुए गैस कटर से शटर का ताला काटकर करीब 31,800 रुपये चोरी कर लिए। वारदात के बाद चोर मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि वारदात को रेकी करने के बाद अंजाम दिया गया। यादव कॉलोनी निवासी अमित सिंगला ने बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी पॉइंट लिया हुआ है। यहां वह ग्राहकों के पैसों का लेनदेन करते हैं। रविवार रात वह रोजाना की तरह बीसी पॉइंट बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला कटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जाकर देखा तो वहां रखे 31,800 रुपये गायब थे। अमित के मुताबिक, चोर ने वारदात से पहले दुकान के बाहर लगे मीटर से तार काट दिए, ताकि बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाए और दुकान में लगे सुरक्षा उपकरण या सीसीटीवी प्रभावित हो सकें। इसके बाद गैस कटर की मदद से शटर का ताला काटकर चोर अंदर दाखिल हुआ और नकदी लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने केस दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।