Faridabad 2000 Policemen For Kanwar Yatra Security Surveillance Through Drones And Cameras
2000 पुलिसकर्मी करेंगे सुरक्षा ड्रोन और कैमरों से निगरानी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा चक्र तैयार किया है। 30 जुलाई से शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर जिले से गुजरेंगे। पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर तैयार सुरक्षा योजना के तहत 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी को पूरी व्यवस्था का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।पुलिस ने कांवड़ियों के लिए तीन प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं, जिनमें कालिंदी कुंज से आगरा कैनाल मार्ग, बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास और तीसरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) का मार्ग है। इन मार्गों पर 25 से अधिक स्थानों जैसे दुर्गा बिल्डर, पल्ला पुल, खेड़ी पुल, बीपीटीपी, और सीकरी चौकी पर नाकाबंदी की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा, महिला पुलिस, ईआरवी और राइडर दस्ता शामिल रहेंगे। पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से की जाएगी। सादा वर्दी में क्राइम ब्रांच की टीमें संदिग्धों पर नज़र रखेंगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कांवड़ शिविरों और विश्राम स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति के लिए स्वॉट टीमें सक्रिय रहेंगी। यात्रा मार्ग पर स्थित शराब के ठेकों और पेट्रोल पंपों के पास विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।