Sawan Month Begins Preparations Intensify In Temples Special Camps For Kanwariyas
आज से सावन शुरू, मंदिरों और कांवड़ शिविरों में तैयारियां तेज
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
महादेव की आराधना का पावन महीना सावन गुरुवार से शुरू होने जा रहा है, जिसको लेकर शहर में भक्ति का उत्साह चरम पर है। केसरिया वस्त्र धारण किए और कंधों पर कांवड़ लिए शिवभक्तों के जत्थे हरिद्वार से गंगाजल लेकर सड़कों पर नजर आने लगे हैं। इस वर्ष सावन का महीना 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक चलेगा, जिसमें चार सोमवार (3, 10, 17 और 24 अगस्त) का विशेष संयोग बन रहा है। 11 अगस्त को महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।सावन के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मंदिर ों जैसे सेक्टर-30, 37, 49, चावला कॉलोनी, पथवारी मंदिर, एनआईटी स्थित काली मंदिर और वैष्णों देवी मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर कमेटियां परिसर की साफ-सफाई और लाइटिंग के कार्य में जुटी हैं ताकि भक्तों को जलाभिषेक के दौरान कोई असुविधा न हो। शिवरात्रि के अवसर पर इन मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जाएगा।
दूसरी ओर, कांवड़ियों की सेवा के लिए आगरा नहर रोड के किनारे शिविर लगाने की व्यवस्था की जा रही है। सामाजिक संगठनों ने बीपीटीपी, खेड़ी पुल, पल्ला, धीरज नगर, एत्मादपुर और सेहतपुर जैसे प्रमुख स्थानों पर शिविर लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, सुरक्षा, शौचालय और एंबुलेंस की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सावन के सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक करने से भगवान शिव मनोकामनाएं पूरी करते हैं।