8 दिन रोज 7 घंटे गुल रहेगी बिजली

नवभारतटाइम्स.कॉम
8 दिन रोज 7 घंटे गुल रहेगी बिजली
nNBT न्यूज, बाराबंकी: चिनहट-कुर्सी रोड को फोरलेन कर लॉजिस्टिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने के लिए पेड़ों की कटाई जारी है। हालांकि, करीब 10 दिन की कोशिश में वन निगम केवल 600 पेड़ ही काट सका है। काम में तेजी लाने के लिए गुरुवार से देवा सबस्टेशन के रामस्वरूप फीडर क्षेत्र की बिजली हरदिन सुबह छह बजे से दोपहर एक बजे तक अगले आठ दिनों के लिए बंद रहेगी। बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी ने बताया कि वन निगम के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया है।

दरअसल, 27 किमी लंबे मार्ग को 17 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसमें 14 मीटर चौड़ी पक्की सड़क, दोनों ओर पटरी और जल निकासी के लिए नाला बनाया जाएगा। सड़क के दोनों ओर 7,392 पेड़ हैं, जिनके बीच से हाइटेंशन लाइनें गुजर रही हैं। इन्हीं के कारण पेड़ों की कटाई में दिक्कत आ रही है।
उधर, 442 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क के दायरे में आने वाली जमीनों के मुआवजे के लिए राजस्व विभाग ने अंश निर्धारण की प्रक्रिया तेज कर दी है। डीएम ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर एसडीएम व संयुक्त मैजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने राजस्व अधिकारियों को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता राजीव कुमार राय ने बताया कि जमीन अधिग्रहण की प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।