Du Ug Admission 2026 27 Mid entry Opens From August 3 For Missed Students Know The Full Process
दाखिला छूट गया? DU यूजी में दाखिले के लिए 3 अगस्त से खुलेगी मिड एंट्री के दरवाज़े
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
डीयू ने अकैडमिक सेशन 2026-27 के लिए यूजी प्रोग्राम्स में एडमिशन से छूटे स्टूडेंट्स को एक और मौका दिया है। जिन स्टूडेंट्स को अबतक किसी कॉलेज में दाखिला नहीं मिल सका है, वे मिड एंट्री प्रक्रिया के तहत एडमिशन प्रोसेस में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए डीयू 3 से 5 अगस्त के बीच विशेष विंडो खोलेगा। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ने कॉमन सीट अलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के तीसरे दौर के दाखिले और विभिन्न कोटा आधारित अलॉटमेंट की तारीखें भी घोषित कर दी हैं।यूनिवर्सिटी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मिड एंट्री और वरीयता सुधार विंडो 3 से 5 अगस्त रात 11.59 बजे तक खुली रहेगी। जिन छात्रों ने सीएसएएस (यूजी-2026) के पहले फेज में अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे 1,000 रुपये की नॉन रिफंडेबल फीस जमा कर नया आवेदन कर सकेंगे। वहीं, जो स्टूडेंट दूसरा फेज पूरा नहीं कर पाए थे, उन्हें अपने पसंदीदा कॉलेज और प्रोग्राम्स की प्राथमिकताएं भरने या उनमें संशोधन करने की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा, पहले दो फेज में सब्जेक्ट मैपिंग में गलती, एलिजिबिलिटी पूरी न होने या दस्तावेजों में गड़बड़ी के कारण निरस्त हुए आवेदनों में सुधार का भी यह अंतिम मौका होगा। जिन स्टूडेंट्स को दूसरे फेज तक कोई सीट अलॉट नहीं हुई है, वे भी प्राथमिकताओं में बदलाव कर सकेंगे। हालांकि, डीयू ने बताया है कि मिड एंट्री की यह सुविधा ईसीए, स्पोर्ट्स, सीडब्ल्यू, वॉर्ड कोटा और म्यूजिक या बीएफए जैसे परफॉर्मेंस बेस्ड प्रोग्राम्स पर लागू नहीं होगी।
परफॉर्मेंस बेस्ड प्रोग्राम्स की अलॉटमेंट लिस्ट 6 को : परफॉर्मेंस बेस्ड प्रोग्राम्स के लिए पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट 6 अगस्त को जारी होगी, जबकि सीएसएएस के तहत तीसरे दौर की अलॉटमेंट लिस्ट 8 अगस्त को जारी की जाएगी। तीसरे दौर में सीट पाने वाले स्टूडेंट्स को 8 से 11 अगस्त रात 11.59 बजे तक सीट एक्सेप्ट करनी होगी। संबंधित कॉलेज 12 अगस्त शाम 4.59 बजे तक डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन करेंगे और स्टूडेंट्स को 13 अगस्त रात 11.59 बजे तक अपनी फीस जमा करनी होगी।