14 को गुड़गांव पहुंचेगी वन चेतना यात्रा

नवभारतटाइम्स.कॉम
van chetna yatra to reach gurgaon on august 14 public awareness campaign for environmental protection
n दीपाली श्रीवास्तव, गुड़गांव

वन चेतना यात्रा के तहत पर्यावरण संरक्षण का जन जागरूकता अभियान गुड़गांव सर्कल में भी शुरू हो गया है। 22 जुलाई को फरीदाबाद से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न वन रेंज से गुजरते हुए 14 अगस्त को गुड़गांव पहुंचेगी।
बढ़ते शहरीकरण और सिमटते हरित क्षेत्र के बीच वन विभाग इस अभियान से लोगों को यह संदेश दे रहा है कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर जीवित रखना भी जरूरी है। अभियान के तहत विशेष प्रचार वैन स्कूलों, गांवों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है। वन विभाग की पब्लिसिटी एंड ट्रेनिंग रेंज के प्रभारी खजान सिंह ने बताया कि यात्रा फरीदाबाद से शुरू होकर बल्लभगढ़, पलवल, हथीन, होडल, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना और नूंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजर रही है। बुधवार को यात्रा नूंह पहुंची। इसके बाद यह सोहना होते हुए 14 अगस्त को गुड़गांव पहुंचेगी। अभियान के तहत गुड़गांव सर्कल के दक्षिण जोन की 16 वन रेंज से यह यात्रा गुजरेगी। प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक विशेष प्रचार वैन विभिन्न स्कूलों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंच रही है। यहां पर्यावरण संरक्षण पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। वन संरक्षक (दक्षिण जोन) राज कुमार ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

इन वन रेंज में चल रहा है अभियान: फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, हथीन, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका, नूंह, बावल, नारनौल, नांगल चौधरी, महेंद्रगढ़, नाहड़, रेवाड़ी, हेलीमंडी, सोहना और गुड़गांव वन रेंज में यात्रा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।