Iit Admission Denied Student Hacks Iit Kanpur And Iit Madras Websites Gets Internship Opportunity
दाखिले के लिए हैक की IIT की वेबसाइट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, कानपुर
इस साल ‘बैचलर ऑफ साइबर सिक्यॉरिटी’ कोर्स की शुरुआत करने के बाद IIT कानपुर को उम्मीद थी कि साइबर सिक्यॉरिटी में बेहतर काम करने वाले छात्र-छात्राएं कैंपस में दाखिला लेंगे। अप्रैल में आयोजित किए गए हैकेथॉन के जरिए ऐसा हुआ भी, लेकिन इस प्रक्रिया में एक छात्र पीछे रह गया। IIT में दाखिला न मिलने से नाराज छात्र ने बीते दिनों IIT कानपुर और IIT मद्रास की वेबसाइट हैक कर दी। बात प्रशासन तक पहुंची तो डायरेक्टर मणींद्र अग्रवाल ने छात्र से सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर बात की। केस दर्ज करवाने के बजाय कानपुर IIT का प्रशासन छात्र को साइबर सिक्यॉरिटी ऐंड साइबर सिक्यॉरिटी ऑफ साइबर-फिजिकल सिस्टम्स इनोवेशन ‘C3I’ हब में इंटर्नशिप का मौका देगा। IIT कानपुर ने जून में बैचलर ऑफ साइबर सिक्यॉरिटी कोर्स लॉन्च किया था। दाखिले का आधार JEE-मेन्स के अंक और साइबर सिक्यॉरिटी में किए गए काम थे। शॉर्टलिस्टिंग के बाद कैंपस में परीक्षा और हैकेथॉन हुआ। इसके आधार पर दाखिला प्रक्रिया पूरी हुई। कोर्स लॉन्च करने की वजह साइबर सुरक्षा का रणनीतिक महत्व था। इस प्रक्रिया में अनिषेक चौबे नाम के छात्र को दाखिले का मौका नहीं मिला। अनिषेक ने IIT कानपुर और IIT मद्रास की वेबसाइट हैक कर ली। वेबसाइट पर संदेश छोड़ा, ‘साइट हैक हो गई है। मुझे बस एक निष्पक्ष मौका चाहिए।’ IIT प्रशासन तक बात पहुंची तो पेज रिस्टोर करने के बाद मुकदमा दर्ज करवाने पर विचार हुआ, लेकिन छात्र की भावनाओं के मद्देनजर ऐसा नहीं किया गया। बाद में उसने सोशल मीडिया पर हैकिंग के स्क्रीनशॉट शेयर किए और कहा कि उसका उद्देश्य नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि काबिलियत दिखाना था। इसके बाद छात्र की डायरेक्टर से X पर बातचीत हुई।