मेट्रो स्टेशन के पास दुकान में मर्डर, एक आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
flower seller murdered in shop near sikanderpur metro station one accused arrested
nNBT रिपोर्ट, सिकंदरपुर

डीएलएफ फेज-1 थाना एरिया में सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास एक फूल विक्रेता का दुकान के अंदर लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने पास में ही मछली बेचने वाले कुछ लोगों पर रात में हुए विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
दुकान के अंदर मिला शव : जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास जी टाउन वाइन शॉप के सामने 'खुशी फलॉवर्स' के नाम से फूल की दुकान है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब आसपास के दुकानदारों ने दुकान का शटर आधा खुला देखा, तो उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखने पर दुकानदार का शव खून से लथपथ पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान मूलरूप से बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले संजय कुमार के रूप में हुई है। वह गुड़गांव में 10 वर्षों से रह रहे थे और अपनी यह दुकान चला रहे थे।

मछली विक्रेताओं पर जताया हत्या का शक : प्रारंभिक जांच में पता लगा कि मृतक पिछले करीब 10 वर्षों से ए-ब्लॉक, डीएलएफ फेज-1, जी-टाउन वाइन-शॉप के नजदीक फूल, गुलदस्ते एवं बुके आदि की दुकान चला रहे थे। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि संजय का रात के समय पास में ही मछली बेचने वाले कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि रात के झगड़े की रंजिश में आरोपियों ने संजय की डंडों और अन्य चीजों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में रात के वक्त कुछ संदिग्ध लोग दुकान के आसपास घूमते दिखे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।