प्लॉट पर अवैध रूप से किया कब्ज़ा, छोड़ने के बदले मांगे 30 लाख रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram illegal occupation of plot rs 30 lakh demanded for vacating woman complains to police
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव: सेक्टर-12A स्थित एक आवासीय प्लॉट पर अवैध रूप से कब्जा करने और प्लॉट खाली करने के बदले 30 लाख रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने इस मामले में पुलिस कमिश्नर से मदद की गुहार लगाई। जिसके बाद सीपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-5 पार्ट-3, गुड़गांव निवासी सुमिता ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-12A, स्थित एक प्लॉट की कानूनन मालिक हैं। उनके पास इस प्लॉट की रजिस्ट्री और एचएसवीपी के सभी वैध डॉक्युमेंट मौजूद हैं। इस प्लॉट पर एचएसवीपी नीति के अनुसार लगभग 25% निर्माण कार्य हो चुका है। आरोप है कि इस घर/प्लॉट पर राजबीर नाम के व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और वह प्लॉट खाली करने को तैयार नहीं है। इस बारे में सेक्टर-14 थाने में दो बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन बिना संतोषजनक कारण बताए बिना उनकी शिकायत को डिस्पोज ऑफ कर दिया गया। आरोप है कि जब भी पीड़िता राजबीर से बात करने जाती हैं, तो वह बाहर नहीं आता और एक महिला बाहर आकर उनके साथ गालीगलौज करती है।
नंबर दिए जाने के बाद आई कॉल: सुमिता ने बताया कि उन्होंने उस महिला को अपना फोन नंबर दिया था, जिसके बाद रिठौज गांव के राज खटाना ने उन्हें कॉल की। मिलने के लिए रिठौज गांव बुलाया। पीड़िता सोहना के अपने एक परिचित कमल को साथ ले गईं। उनका आरोप है कि वहां उनसे प्लॉट पर कब्जा छोड़ने के बदले 30 लाख रुपये की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि फर्जी डॉक्युमेंट से बिजली कनेक्शन लेने को आवेदन किया गया। जब डीएचबीवीएन में इसकी शिकायत की, तो बिजली विभाग ने मीटर काट दिया, लेकिन फिर भी आरोपी अवैध तरीके से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं।