सीएम त्वरित आर्थिक विकास योजना 2025-26 के तहत पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत 40 विकास कार्यों का सामूहिक शिलान्यास गुरुवार को इंदिरा नगर स्थित कन्वेंशन सेंटर में किया गया। शिलान्यास भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक ओपी श्रीवास्तव ने की।विधायक ने कहा कि ये रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से हो रहे ये 40 कार्य क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी विकास की नई ऊंचाइयों पर है। डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि प्रदेश अब जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति का प्रतीक बन गया है। कार्यक्रम में मेयर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, महानगर उपाध्यक्ष सीता नेगी आदि उपस्थित रहे।