गर्मी में 20 दिनों से पानी नहीं, निगम ऑफिस पर प्रदर्शन

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ के ऊंचा गांव की आंबेडकर बस्ती में पिछले 20 दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने पाइपलाइन बंद कर दी है। पार्षद किरण बाला ने बताया कि सर्वे कराया जा रहा है और पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं।

20 days without water ambedkar basti residents protest at municipal office in ballabgarh

nNBT न्यूज, बल्लभगढ़

नगर निगम के वाॅर्ड नंबर-45 के अंतर्गत आने वाले ऊंचा गांव के पास स्थित आंबेडकर बस्ती में पिछले करीब 20 दिनों से पेयजल संकट गहराने के चलते स्थानीय निवासियों का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की।

निवासी दान सिंह पांचाल ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है। उनका आरोप है कि कुछ दबंग लोगों ने इलाके की मुख्य पाइपलाइन को बंद कर दिया है, जिससे बस्ती में पानी पहुंच ही नहीं पा रहा। इस संबंध में उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों और स्थानीय पार्षद किरण बाला को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है। समस्या से परेशान होकर सोमवार को बड़ी संख्या में लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, नगर निगम की पार्षद किरण बाला ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक लोगों को राहत देने के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पार्षद ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को इस परेशानी से निजात मिल सके।