n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-37
शहर में दो गुटों में हिंसक झड़प का एक विडियो वायरल हुआ है। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र में वोल्वो शोरूम के पास हुई इस घटना में दोनों गुटों के युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच सड़क पर काफी देर तक चले इस उपद्रव से मौके पर अफरातफरी मच गई और ट्रैफिक बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस जब तक पहुंची तब तक उत्पात मचा रहे युवक मौके से फरार हो चुके थे। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि इस विवाद की शुरुआत मामूली बात को लेकर हुई थी। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और गालीगलौज हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक आपा खो बैठे। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग अपनी गाड़ियों से और आसपास से लाठी-डंडे निकाल लाए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। सड़क के बीचोंबीच हो रही मारपीट देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के कदम थम गए और वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का विडियो बनाकर वायरल कर दिया। विडियो में युवक पुलिस से बेखौफ बीच रोड एक-दूसरे पर डंडे बरसाते साफ दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन गुस्से में भड़के युवकों ने किसी की नहीं सुनी। हंगामे की सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल को आता देख सड़क पर उत्पात मचा रहे कई युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस विडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

