n NBT रिपाेर्ट, गुड़गांव
क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने हथियारों के बल पर लाखों रुपये की लूट करने वाले 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों बदमाशों पर पुलिस ने 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक बाइक और 52 हजार रुपये बरामद किए हैं। कोर्ट में पेश कर तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
क्या था पूरा मामला
बीती 29 अप्रैल को फिनटेक कंपनी के एक पदाधिकारी ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया था कि सेक्टर-47 स्थित पार्क हॉस्पिटल के पास बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने कंपनी के कलेक्शन मैनेजर को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था और उनसे करीब 25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने 30 मई को सीडी इंटरनैशनल स्कूल, फाजिलपुर के पास से तीनों इनामी को धर दबोचा। जिनकी पहचान आकिब खान उर्फ सानू निवासी जसवंत नगर, इटावा यूपी, हरी नागर उर्फ पवन निवासी गांव कुथोंडा, जालौन व संजय अनुरागी उर्फ संजू निवासी गांव बारी, छतरपुर मध्य प्रदेश के रूप में हुई। तीनों आरोपी गुड़गांव के अलग-अलग एरिया में रह रहे थे।
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल: इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। उसके कब्जे से पुलिस ने लूट के 4 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया था। अब तक इस मामले में 4 लाख 52 हजार रुपये बरामद हो चुके हैं। जांच में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

