n NBT रिपोर्ट, घामडौज टोल: सोहना रोड पर घामडौज टोल प्लाजा के पास रविवार तड़के बीच सड़क पर खड़े ट्राले से एक बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजवीर बघेल के रूप में हुई है। राजवीर सेक्टर-67 स्थित M3M अर्बना में एक पिज्जा शॉप में कैशियर थे। भोंडसी थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नूंह के गांव इंडरी निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनका बेटा राजवीर बघेल गुड़गांव में नौकरी करता था। रविवार तड़के करीब 1:30 बजे राजवीर अपने पड़ोसी संजय के साथ उसकी बाइक पर सवार होकर गुड़गांव के सेक्टर-67 से अपने गांव इंडरी के लिए निकला था। बाइक राजवीर चला रहा था, जबकि संजय पीछे बैठा था। संजय के अनुसार, तड़के करीब 2:15 बजे जब वे घामडौज टोल पार कर आगे बढ़े, तो सड़क के बीचों-बीच एक बड़ा ट्रॉला लापरवाही से खड़ा था। ट्रॉला चालक ने न तो पार्किंग लाइट जलाई थी और न ही कोई सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाया हुआ था। अंधेरा होने के कारण राजवीर को खड़ा ट्रॉला दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्राले के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजवीर को तुरंत सोहना के एक्रोपोलिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पीछे बैठा संजय इस हादसे में बाल-बाल बच गया। उसने ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद भोंडसी थाने के सब-इंस्पेक्टर संत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम (फरेंसिक) टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

