n NBT न्यूज़, ग्रेटर नोएडा
भीषण गर्मी के बीच बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया है। सोमवार को ग्रेटर नोएडा के साइट-4 में 12.5 MVA का नया 33/11 kV सब-स्टेशन चालू कर दिया गया है। इससे साइट-4, स्वर्ण नगरी और सेक्टर-36 के हजारों उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग से राहत मिलेगी और वोल्टेज में सुधार होगा।
एनपीसीएल के अनुसार, इसी सप्ताह इकोटेक-3 में भी नया सब-स्टेशन चालू हो जाएगा, जिससे हबीबपुर, जलपुरा और हल्दौनी जैसे गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि पिछले महीने कंपनी ने सेक्टर-16B और साइट-5 में भी नए सब-स्टेशन स्थापित किए थे।
इसके साथ ही अल्फा-1 और गामा-1 जैसे सेक्टरों में ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाकर 12.5 MVA कर दी गई है। गर्मी के मौसम में फाल्ट ठीक करने के लिए 24 घंटे 34 विशेष टीमें और 10 इंजीनियरों को फील्ड में तैनात किया गया है।

