n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-14
ऑटो सवार बदमाशों ने एक शोरूम के सेल्समैन का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पीड़ित नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया और 24 घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। सेल्समैन के पास कुछ नहीं मिला तो आरोपी लूटपाट में असफल रहे। इसके बाद आरोपी उसे रविवार रात बदहवासी की हालत में सड़क किनारे फेंकर फरार हो गए। मूल रूप से ओडिशा निवासी प्रताप कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका 32 साल का भाई कृष्ण चंद्र सेक्टर-14 स्थित जूतों के शोरूम में सेल्समैन है। शनिवार रात 9:30 बजे कृष्ण चंद्र ड्यूटी खत्म कर बाटा चौक से चक्करपुर जाने के लिए ऑटो में बैठा था। ऑटो में चालक के अलावा दो युवक पहले से थे। आरोप है कि कुछ दूर चलते ही बदमाशों ने कृष्ण के चेहरे पर नशीला पदार्थ लगा रुमाल रख दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने कृष्ण को एक कमरे में बंद कर दिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने उससे डेबिट कार्ड व कीमती सामान मांगा। बदमाशों को उसके पास से नकदी या कार्ड नहीं मिला तो उन्होंने उसका मोबाइल छीन लिया, जिसे बाद में वापस कर दिया गया।
भाई से कहा, हादसा हो गया: रविवार को आरोपियों ने प्रताप को फोन कर गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उसके भाई का एक्सिडेंट हो गया है। प्रताप ने अस्पतालों में तलाश की और भाई नहीं मिला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रविवार रात करीब 12 बजे आरोपी युवक को सहारा मॉल के पास फेंककर फरार हो गए। युवक किसी तरह नशे की हालत में अपने घर पहुंचा। सोमवार को होश आने के बाद उसने आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

