इबोला पर सतर्क, यहां अब तक कोई मामला नहीं

नवभारतटाइम्स.कॉम

इबोला वायरस को लेकर फरीदाबाद में स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। जिले में अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है। एहतियात के तौर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन सुविधाओं और संक्रमण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की जा रही है। आवश्यक दवाइयों और पीपीई किट की उपलब्धता का भी आकलन होगा।

ebola alert vigilance in faridabad but no cases

nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : इबोला वायरस को लेकर जारी अलर्ट के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला स्वास्थ्य अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई, जिसमें संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जिले में इबोला संक्रमण का कोई भी संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के तहत सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अस्पतालों में आइसोलेशन सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण उपायों और मरीजों के प्रबंधन से जुड़े प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही संक्रमण नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाइयों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई किट), मास्क, ग्लव्स और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता का भी आकलन किया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने, संदिग्ध मरीजों की पहचान एवं रिपोर्टिंग की प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने तथा चिकित्सा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट, अंतरराष्ट्रीय यात्रा इतिहास वाले मरीजों और बुखार जैसी गंभीर लक्षणों वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में इबोला का कोई मामला नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में तुरंत सलाह लेने और दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।