n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-58
हरियाणा के उद्योगों को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नया कदम बढ़ाया है। गुड़गांव पहुंचे सीएम ने लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों (MOU) पर हस्ताक्षर किए। सेक्टर-58 के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो एमओयू हुए हैं, वह केवल निवेश के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि नए उद्योगों, नई सप्लाई चेन, एमएसएमई के लिए अवसर हैं। कार्यक्रम में लॉन्च किए गए हरियाणा इंटेलिजेंट इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन पोर्टल को निवेशकों के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उद्योगों को मंजूरी, भूमि आवंटन, इंसेंटिव और अन्य स्वीकृतियों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पोर्टल पर सभी जरूरी सेवाएं एक जगह उपलब्ध होंगी। इस पोर्टल में जीआईएस आधारित भूमि पहचान, ऑटोमेटेड इन्वेस्टमेंट ब्लूप्रिंट, एआई आधारित अप्रूवल पाथवे, इन्फ्रास्ट्रक्चर जानकारी और पॉलिसी सपोर्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
इसी साल होगी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी वर्ष होने वाली हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट दुनिया को नए हरियाणा से परिचित कराएगी। उन्होंने कहा कि राज्य एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस, लॉजिस्टिक्स, आर्टिफिशल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और स्वच्छ ऊर्जा जैसे भविष्य के क्षेत्रों के लिए मजबूत औद्योगिक ईकोसिस्टम तैयार कर रहा है। इससे हरियाणा में रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे और उद्योगों की राह आसान होगी।

