HSVP करेगा नए कॉलेज की बिल्डिंग का निर्माण

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सेक्टर 23 में राजकीय कॉलेज को जल्द ही अपनी नई बिल्डिंग मिलेगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण इस निर्माण की जिम्मेदारी संभालेगा। एक्सपर्ट एजेंसी से बिल्डिंग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। रिपोर्ट बनने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। अपनी बिल्डिंग बनने से कॉलेज में नए कोर्स शुरू हो सकेंगे, जिससे छात्रों को लाभ मिलेगा।

faridabad government college sector 23 to get its own building hsvp to construct

nNBT न्यूज, फरीदाबाद : राजकीय कॉलेज सेक्टर 23 के पास अब जल्द ही अपनी खुद की बिल्डिंग होगी। सरकार ने अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को बिल्डिंग तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। एचएसवीपी ने एक्सपर्ट एजेंसी से बिल्डिंग की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही डीपीआर बनने के बाद बिल्डिंग बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। पिछले दो साल से सेक्टर 23 कॉलेज की क्लास किसी दूसरे कॉलेज की बिल्डिंग में लगाई जा रही हैं। अपनी खुद की बिल्डिंग बनने से यहां पर नए कोर्स शुरू हो सकेंगे और छात्रों को लाभ मिलेगा। एचएसवीपी एसई संदीप दहिया ने बताया कि सेक्टर 23 में कॉलेज की बिल्डिंग बनाने के लिए एक्सपर्ट एजेंसी से डीपीआर तैयार कराई जा रही है। जल्द ही डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। हम जल्द से जल्द बिल्डिंग का निर्माण शुरू कराने का प्रयास कर रहे हैं।