n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
जिले की ग्रीन फील्ड कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी विकास वेरीवाल ने बताया कि वह मकान बी ब्लॉक में ग्राउंड फ्लोर के पिछले हिस्से में किराये पर रहते हैं। 31 मई की रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके मकान की पीछे की खिड़की का जंगला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी तथा कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत के अनुसार चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद व लाखों रुपये के जेवर और एक नीले रंग का सूटकेस अपने साथ ले गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्रीन फील्ड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का काम किया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया और सीधे उन स्थानों को निशाना बनाया जहां नकदी और कीमती सामान रखा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले से मकान की रेकी की हो सकती है। थाना सूरजकुंड पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

