जर्जर सड़कों और जलभराव को लेकर सूरजपुर में दिया धरना

नवभारतटाइम्स.कॉम

सूरजपुर में जर्जर सड़कों और जलभराव से व्यापारी परेशान हैं। भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने घंटा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। उन्होंने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष अमरीश चौहान ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन उग्र होगा।

indian farmers unions protest against dilapidated roads and waterlogging in surajpur warning of agitation

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

सूरजपुर क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जल निकासी की बदहाल व्यवस्था और जलभराव के कारण व्यापारियों को हो रहे नुकसान के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (एकता शक्ति) ने मोर्चा खोल दिया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर चौकी से घंटा चौक तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर घंटा चौक पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष अमरीश चौहान ने कहा कि बरसात में जल निकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से आम जनता और व्यापारियों को भारी क्षति उठानी पड़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क मरम्मत और ड्रेनेज व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त नहीं किया गया, तो आंदोलन उग्र होगा। धरने में अक्षित शर्मा, उदय कुमार, नीरज शर्मा, रोहतास शर्मा, नितिन पंडित, गौरव त्यागी, पुलकित सिंगल, शाहिद राणा, संजीव नायक, लटूर नागर और दीपक यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।