महंगाई पर INLD का प्रदर्शन, DC और SP से अर्जुन चौटाला की तीखी बहस

नवभारतटाइम्स.कॉम

इंडियन नैशनल लोकदल ने महंगाई के खिलाफ हरियाणा में प्रदर्शन किया। रोहतक में अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय तक मार्च निकाला। ज्ञापन सौंपने को लेकर DC और SP से उनकी तीखी बहस हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। अर्जुन चौटाला ने अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

inlds protest in rohtak on inflation arjun chautalas heated debate with dc sp

n NBT न्यूज, रोहतक

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ इंडियन नैशनल लोकदल (INLD) ने सोमवार को हरियाणा भर में प्रदर्शन किया। सबसे ज्यादा चर्चा रोहतक के प्रदर्शन की रही, जहां रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मानसरोवर पार्क से लघु सचिवालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कई बार टकराव की स्थिति बनी।

लघु सचिवालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की मांग की। आरोप है कि जब DC सचिन गुप्ता ज्ञापन लेने के लिए मौके पर नहीं पहुंचे तो INLD कार्यकर्ताओं ने विरोध तेज कर दिया। पहले सिटी मजिस्ट्रेट और बाद में SDM ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ता DC को ही ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान लघु सचिवालय का गेट बंद कर दिया गया और पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बहस होती रही।

अर्जुन चौटाला ने कई बार डीसी से मिलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद वे समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। बाद में दोबारा आगे बढ़ने पर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दी और बीच रास्ते पर ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। काफी देर बाद डीसी सचिन गुप्ता और SP गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। ज्ञापन सौंपने के दौरान भी अर्जुन चौटाला की दोनों अधिकारियों से तीखी बहस हुई। आरोप है कि इस दौरान चौटाला ने एसपी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसका विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अर्जुन चौटाला ने कहा, यह जननायक चौ. देवीलाल का हरियाणा है और हम उनके विचारों के वारिस, हमें लड़ना भी आता है और सत्ता के घमंड को घुटनों के बल लाना भी… आज देश में बेलगाम महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई से लेकर रोज़मर्रा की हर ज़रूरत तक हर चीज़ आम जनता की पहुंच से दूर होती जा रही है। लेकिन सत्ता के गलियारों में बैठे लोग जनता के दर्द को सुनने के बजाय अपनी वाहवाही में मशगूल हैं। इसी जनविरोधी नीतियों और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ़ आज जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर जनता की आवाज़ बुलंद की गई।

उधर, जननायक जनता पार्टी के छात्र संगठन-INSO ने अर्जुन चौटाला के अभद्र भाषा का प्रयोग करने की निंदा करते हुए मांग की कि अर्जुन चौटाला माफी मांगें।